Home राज्य मुड़मा जतरा मेले में जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, 4 सेक्टरों में बंटा परिसर;...

मुड़मा जतरा मेले में जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, 4 सेक्टरों में बंटा परिसर; 8 जगहों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात

5
0
Jeevan Ayurveda

रांची
 मांडर प्रखंड के प्रसिद्ध ऐतिहासिक मुड़मा जतरा मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है। 27 और 28 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालुओं और लोगों के जुटने की संभावना है।

मेले की संवेदनशीलता, पारंपरिक बोंगा और भूत पूजा तथा परिसर के आसपास कब्रिस्तान और ईदगाह की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने विधि-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है।

Ad

इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है। मेले की गतिविधियां 26 अक्टूबर की दोपहर से ही शुरू होने के मद्देनजर दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी ग्रामीण एसपी और सदर अनुमंडल पदाधिकारी करेंगे।

चार सेक्टरों में बांटा गया मेला क्षेत्र
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुरुष और महिला लाठी बल की तैनाती होगी। 26 अक्टूबर की सुबह से मेला समाप्त होने तक लगातार काम करने वाला विशेष नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है।

यहां दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। मेले में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा मेला परिसर और आसपास के रास्तों पर नजर रखने के लिए 21 गश्ती दल तैनात किए गए हैं। ये दल मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों से लगातार गश्त करेंगे।

असामाजिक तत्वों, छेड़खानी करने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है। पूर्व में नक्सलियों द्वारा पुलिस बल को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा बलों को विशेष सतर्कता बरतने और निर्धारित दूरी बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया है।

आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रैपिड एक्शन पुलिस, हिट टीम और बम निरोधक एवं निष्क्रियकरण दस्ता अलर्ट पर रहेगा। मेला परिसर में वाटर कैनन, आंसू गैस दस्ता और अग्निशमन विभाग की दो बड़ी गाड़ियां तैनात रहेंगी।

चिकित्सा सुविधा के लिए चिकित्सकों की टीम के साथ चार एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। सेंट्रल यूनिवर्सिटी, ब्रांबे के गेस्ट हाउस को सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। वहां भी सशस्त्र बलों की तैनाती रहेगी।

आठ प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस
मेले में लाखों की भीड़ को देखते हुए रांची-मांडर मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने की जिम्मेदारी यातायात एसपी संभालेंगे। काठीटांड़ चौक, मुड़मा चौक और तिलता चौक समेत आठ प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती की गई है।

वाहनों के लिए आठ अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। मुख्य मार्गों पर अनधिकृत वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और जवानों को निर्धारित समय पर ड्यूटी संभालने तथा पूरे मेले के दौरान सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here