Home राज्य बूंदी में आयोजित ‘संकल्प से सिद्धि तक’ अभियान में सांसद सी.पी. जोशी...

बूंदी में आयोजित ‘संकल्प से सिद्धि तक’ अभियान में सांसद सी.पी. जोशी ने भारत की विकास यात्रा पर डाला प्रकाश

80
0
Jeevan Ayurveda

बूंदी

बूंदी में आयोजित 'संकल्प से सिद्धि तक' अभियान के तहत प्रोफेशनल मीट में सांसद सी.पी. जोशी ने भारत की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने और तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर होने की बात कही।

Ad

चितौड़गढ़ के सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकसित भारत के अमृत काल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में नई यात्रा शुरू की है। उन्होंने कहा कि भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है।

बूंदी के गणगौर होटल में 'संकल्प से सिद्धि तक' अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रोफेशनल मीट में जोशी ने कहा कि बीते 11 वर्षों की विकास यात्रा में करदाताओं की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अब सत्ता में राजा नहीं, सेवक हैं। बेरोजगारी नहीं, कौशल प्रमुख है।

'टैक्स प्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव'
प्रोफेशनल मीट के विशिष्ट वक्ता वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सोनिल भंडारी ने मोदी सरकार के 11 सालों में टैक्स प्रणाली में हुए बड़े परिवर्तनों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अब टैक्स को बोझ नहीं बल्कि योगदान के रूप में देखा जा रहा है।

भंडारी ने बताया कि ‘एक देश, एक कर’ नीति के तहत जीएसटी लागू किया गया, जिससे व्यापारियों को व्यापार में सरलता मिली है। इसके साथ ही आयकर में नई स्कीम के अंतर्गत 12 लाख तक की छूट सीमा ने मध्यम वर्ग को राहत दी है।

व्यापारियों और उद्योगपतियों का बढ़ा सम्मान: सत्यनारायण माहेश्वरी
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष एवं उद्योगपति सत्यनारायण माहेश्वरी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में व्यापारियों और उद्योगपतियों का सामाजिक और आर्थिक सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पहले ड्यूटी लगती थी, अब सब्सिडी मिलती है। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करने का आह्वान किया।

भाजपा नेताओं की उपस्थिति और मंच संचालन
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने ‘संकल्प से सिद्धि तक’ अभियान की आवश्यकता और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। मंच पर उपस्थित मुख्य वक्ता सी.पी. जोशी का पंचरंगी साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री योगेन्द्र श्रृंगी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति सदस्य शक्ति सिंह आसावत ने दिया।

इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
मंचासीन अतिथियों में पूर्व विधायक ओम प्रकाश शर्मा, चंद्रकांता मेघवाल, सभापति सरोज अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष कालूलाल जांगिड़, कुंज बिहारी बील्या, छीतर राणा, सुरेश अग्रवाल, शहर अध्यक्ष राज कुमार श्रृंगी, नैनवां प्रधान पदम नागर, केशवरायपाटन प्रधान वीरेंद्र सिंह हाड़ा आदि शामिल रहे। कार्यक्रम में व्यापारी, उद्योगपति, समाजसेवी, सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here